कीरतपुर नाव दुर्घटना पर सांसद गोपाल जी ठाकुर ने जताया शोक, हरसंभव सहायता का भरोसा
- DSS Admin
- Jun 10, 2026
दरभंगा, 10 जून (हि.स.)। जिले में किरतपुर प्रखंड के बनरी घाट (गोकुल चौक) के समीप कोसी नदी में हुई दर्दनाक नाव दुर्घटना में दो महिलाओं एवं एक बच्ची की मौत पर दरभंगा के सांसद डॉ गोपालजी ठाकुर ने गहरा दुःख व्यक्त किया है।
उन्होंने इस घटना को अत्यंत हृदयविदारक बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की तथा दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
सांसद ने कहा कि इस दुःखद घड़ी में वे पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय पीड़ा को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। सांसद ने कहा कि एनडीए सरकार एवं जिला प्रशासन पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने दूरभाष पर जिला प्रशासन के अधिकारियों से बातचीत कर राहत एवं सहायता कार्यों में तत्परता बरतने का आग्रह किया है। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं से भी पीड़ित परिवारों की सहायता में सहयोग करने को कहा है।
सांसद ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को नियमानुसार सरकारी सहायता शीघ्र उपलब्ध कराने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की भी अपील की है।
---------------

