जोधपुर, 01 जून (हि.स.)। ग्रीष्मावकाश के दौरान बढ़ती यात्री भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए जोधपुर-दिल्ली सराय राजस्थान संपर्क क्रांति एवं बीकानेर-दिल्ली सराय रोहिल्ला सुपरफास्ट ट्रेनों में तीन-तीन अतिरिक्त डिब्बे लगाने का निर्णय लिया है। इस व्यवस्था से सीटों की उपलब्धता बढ़ेगी और प्रतीक्षा सूची वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।
जोधपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि ट्रेन संख्या 12463/12464 दिल्ली सराय रोहिल्ला-जोधपुर-दिल्ली सराय रोहिल्ला राजस्थान संपर्क क्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस में अस्थाई रूप से एक थर्ड एसी, एक स्लीपर तथा एक सामान्य श्रेणी का अतिरिक्त कोच जोड़ा जाएगा।
यह अतिरिक्त व्यवस्था दिल्ली सराय रोहिल्ला से 3 जून से 1 जुलाई तक तथा जोधपुर से 4 जून से 2 जुलाई तक प्रभावी रहेगी। इसी प्रकार ट्रेन संख्या 22463/22464 बीकानेर-दिल्ली सराय रोहिल्ला सुपरफास्ट एक्सप्रेस में भी एक थर्ड एसी, एक स्लीपर एवं एक सामान्य श्रेणी का अतिरिक्त कोच लगाया जाएगा।
यह सुविधा बीकानेर से 2 जून से 30 जून तक तथा दिल्ली सराय रोहिल्ला से 5 जून से 3 जुलाई तक उपलब्ध रहेगी। रेलवे के अनुसार अतिरिक्त कोचों के संचालन से यात्रियों को अधिक सीटें उपलब्ध होंगी और गर्मी की छुट्टियों में यात्रा करने वाले लोगों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

