बिहार के सीवान में विदेश से लौटे युवक की मिली लाश

सीवान, 19 जून (हि.स.)। सीवान जिले के लकड़ी नबीगंज थाना क्षेत्र के लकड़ी गांव में विदेश से लौटे एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक का शव उसके घर से कुछ दूरी पर बरामद किया गया। मृतक की पहचान गांव निवासी जैनुद्दीन के इकलौते पुत्र कमरे आलम के रूप में हुई है। शव पर मिले गहरे जख्म के निशानों ने हत्या की आशंका को और गहरा कर दिया है।

परिजनों के अनुसार कमरे आलम गुरुवार की रात एक फोन कॉल आने के बाद बाइक से घर से निकला था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर खोजबीन शुरू की गई। इसी दौरान गांव में ही घर से कुछ दूरी पर उसका शव और बाइक संदिग्ध अवस्था में पड़े मिले। शव पर कई जगह गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे परिजन पीट-पीटकर हत्या किए जाने की आशंका जता रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। विदेश से लौटे इकलौते बेटे की मौत से माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं घटना के बाद पूरे गांव में शोक के साथ-साथ आक्रोश का माहौल है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए लकड़ी नबीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने संदेह के आधार पर गांव के ही दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच सभी बिंदुओं पर की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल युवक की मौत रहस्य बनी हुई है, जबकि परिजन इसे सुनियोजित हत्या बता रहे हैं।

---------------

   

सम्बंधित खबर