सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में धूमधाम से मां सरस्वती का मनाया गया प्राकट्य-उत्सव

सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में माँ सरस्वती की प्रतिमा ,पूजन करते वरिष्ठ आचार्य: फोटो बच्चा गुप्ता

—कुलपति ने विश्वविद्यालय के उत्थान व राष्ट्र कल्याण के लिए किया विशेष पूजन

वाराणसी,03 फरवरी (हि.स.)। बसंत पंचमी पर्व पर सोमवार को सम्पूर्णानन्द संस्कृत,विश्वविद्यालय परिसर में मां सरस्वती का प्राकट्य-उत्सव धूमधाम से मनाया गया। माघ मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि पर स्थापित मां वाग्देवी मंदिर में कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने विश्वविद्यालय के अभ्युत्थान और राष्ट्र कल्याण की कामना के साथ मां का विशेष पूजन किया। मां के प्रतिमा का षोडशोपचार विधि से पूजन किया गया। पूजन से पहले मन्दिर के पुजारी डॉ. सच्चिदानंद पान्डेय ने मां सरस्वती का विधि विधान व मन्त्रोच्चार के साथ श्रृंगार किया। वैदिक विद्यार्थियों ने भी विधिवत मन्त्रोच्चार व मंगलाचरण के बीच पूजन किया। विवि के संगीत विभाग की छात्राओं ने भजन प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर कुलपति ने कहा कि मां सरस्वती को विद्या की देवी कहा जाता है। इनकी पूजा करने से व्यक्ति के मन और मस्तिष्क में बुद्धि का संचरण होता है। ऐसा कहा जाता है कि जहां मां सरस्वती विराजमान रहती हैं उस जगह मां लक्ष्मी अवश्य वास करती हैं। महात्मा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा के पूर्व कुलपति प्रो. रजनीश कुमार शुक्ल ने कहा कि आज के पर्व में इस विद्या मन्दिर में मां सरस्वती के अवतरण दिवस के रुप में पूजन राष्ट्र कल्याण एंव राष्ट्र अभ्युदय के लिये किया जाता है। आज माघ पंचमी के दिन ऋग्वेद में ऐसा वर्णित है कि ब्रह्मा जी के कुंडल से संगीत की देवी का अवतरण हुआ था। ग्रंथों के अनुसार मां सरस्वती ब्रह्मस्वरूपा, कामधेनु और समस्त देवों की प्रतिनिधि हैं। यह पूजन विद्यार्थियों के तम को दूर करने और बुद्धि, विवेक,ज्ञान, संगीत ज्ञान, नृत्य कला आदि के वृद्धि व अभ्युदय के लिये किया जाता है। आज विश्वविद्यालय परिवार यह पूजन सभी विद्यार्थियों, समाज के सद्भाव, और राष्ट्र कल्याण के लिये किया जा रहा है। न्याय शास्त्र के विद्वान प्रो. रामपूजन पाण्डेय ने कहा कि मां सरस्वती विद्या व ज्ञान की अधिष्ठात्री, शान्ति और अहिंसा की देवी हैं,मनुष्य को सदैव धर्म के मार्ग पर जाने की प्रेरणा देती है। मां के श्लोकों से शीतलता का भाव स्वतः उत्पन्न होता है। पूजन अर्चन में प्रो. शैलेश कुमार मिश्र, प्रो. महेंद्र पाण्डेय, प्रो. दिनेश कुमार गर्ग,संतोष कुमार दुबे आदि भी शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

   

सम्बंधित खबर