भूमाफिया ने बेचा नगर निगम की पांच सौ करोड़ की सरकारी भूमि
- Admin Admin
- Feb 17, 2025

गाजियाबाद, 17 फ़रवरी (हि.स.)। नगर निगम की नंदग्राम स्थित करीब साै बीघा जमीन को भूमाफिया ने बेच डाला। बाजार में इस भूमि की कीमत 500 करोड रुपये से ज्यादा है। सोमवार को महापौर सुनीता दयाल नंदग्राम स्थित नगर निगम की भूमि को देखने अधिकारियों के साथ पहुँचीं। जाने पर पता चला कि खसरा न 207, 208, 172, 142, 167, 98, 95, 1082, 87, 88, 113, 117, 60 व 74 की भूमि भूमाफियाओं ने बेच दी। अब वहां मकान बने हुए हैं। कुछ भूमि पर सब्जी उग रही है। कुछ भूमि किराए पर दी हुई है।
महापौर ने बताया कि यह कुल भूमि लगभग 100 बीघा से अधिक है। इसकी कीमत लगभग 500 करोड़ से ज्यादा है। यह भूमि नंदग्राम से संगम विहार, राधा कुंज एवं सिहानी के जंगल की है। इसमें मौके पर मकानों के कागज देखे तो पता चला कि रजिस्ट्री में कुछ खसरा है और कब्जा नगर निगम की भूमि पर दिया है। मकान मालिकों ने ही भूमि बेचने वाले मुकेश त्यागी, अवधेश त्यागी, नंदू त्यागी, विनोद त्यागी, आर डी त्यागी, शिव कुमार त्यागी, धर्मपाल प्रजापति आदि के नाम बताए हैं। महापौर ने तत्काल ही नंदग्राम थानाध्यक्ष को बुलवाया और कहा कि यह सब गरीब लोग हैं जिनको धोखाधड़ी से यह प्लॉट बेचे गए हैं। तहरीर लेकर एफआईआर हर हाल में होनी चाहिए। यह सभी भूमि को चिन्हित कर भूमि खाली कराने की कार्यवाही की जाएगी। भूमाफियाओं के खिलाफ पीड़ितों एवं नगर निगम द्वारा कार्यवाही भी की जाएगी।
महापौर ने बताया कि ऐसे ही कुछ माह पहले मरियम नगर में नगर नियम की 500 ग़ज भूमि पर मकान बनाकर तैयार किया गया था। उसमें नगर निगम द्वारा 8 लोगों के खिलाफ एफआईआर की गई थी और भवन को सील भी किया गया था। आज मौके पर हास्टल चलता मिला और नगर निगम गाजियाबाद की सम्पत्ति लिखा गया था, उसको छुपा दिया गया। इसको महापौर ने मौके पर ही हटवा कर देखा और वीडियोग्राफी भी कराई। ईश्वर त्यागी, अयूब मलिक आदि पर नगर निगम ने कार्यवाही की तैयारी की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / फरमान अली