हिन्दू युवाओं में संस्कारों का हो रहा क्षरण : बजरंगलाल बांगड़ा
- Admin Admin
- Feb 06, 2025
![](/Content/PostImages/a6ad70f08174f54cc102735c4883fa90_2000719138.jpg)
महाकुम्भ में शुुक्रवार से होगी विहिप की प्रन्यासी मण्डल की बैठक
महाकुम्भ नगर,6 फरवरी (हि.स.)। विश्व हिन्दू परिषद के प्रन्यासी मण्डल व केन्द्रीय प्रबंध समिति की त्रिदिवसीए बैठक सात फरवरी से झूंसी स्थित महाकुम्भ मेला क्षेत्र में बने विहिप के महाशिविर में होगी। इस बैठक में हिन्दू युवाओं की सामाजिक चुनौतियां जैसे हिन्दू युवाओं में संस्कारों का क्षरण, धार्मिक आस्था के प्रतीकों में कमी आना, विवाह देर से होना व युवाओं में नशे की लत जैसे विषयों पर चर्चा होगी। यह जानकारी विश्व हिन्दू परिषद के अंतर्राष्ट्रीय महामंत्री बजरंग लाल बांगड़ा ने गुरूवार को विहिप के शिविर में आयोजित प्रेसवार्ता में दी।
उन्होंने बताया कि बांग्लादेश में राजनैतिक सत्ता का हस्तांरण होने के बाद से लगातार हिन्दुओं का उत्पीड़न हो रहा है। मंदिरों को ध्वस्त किया गया है। बहनों की इज्जत लूटी गयी है। यह घटनाएं अभी बंद नही हुई हैं। हिन्दू समाज के लिए यह चिंता का विषय है। बैठक में हिन्दू मंदिरों की सरकारी नियंत्रण से मुक्ति, जनसंख्या असंतुलन, वक्फ बोर्ड के निरंकुश व असीमित अधिकार, बांग्लादेश में हिन्दू उत्पीड़न की पराकाष्ठा तथा अयोध्या के बाद काशी और मथुरा जैसे पवित्र धार्मिक स्थलों की मुक्ति के लिए भी चर्चा होगी। इसके अलावा संगठन विस्तार तथा विभिन्न राज्यों में हिन्दू समाज से जुड़े कुछ विशेष मुद्दों के विषय में भी विचार विमर्श होगा।
विहिप के महामंत्री ने बताया कि हिन्दू समाज अनेक वर्षों से सामाजिक कुप्रथाओं से जूझ रहा है। छुआछूत की मुक्ति के लिए और सामाजिक समरसता को बढ़ाने के लिए विहिप ने अनेक अभियान अपने हाथ में लिए हैं। हिन्दू परिवार व्यवस्था को मजबूत करना, पर्यावरण की रक्षा करना तथा हिन्दू समाज को स्व बोध कराना आज के समय में एक महती आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बैठक में संगठनात्मक दृष्टि से देशभर के 47 प्रान्तों के साथ भारत के बाहर से भी अनेक देशों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। इसमें विहिप के अध्यक्ष आलोक कुमार, संगठन महामंत्री मिलिंद परांडे, सह संगठन मंत्री विनायक राव देशपांडे, बजरंग दल, मातृशक्ति, दुर्गा वाहिनी के साथ सभी आयामों के अखिल भारतीय प्रमुख तथा क्षेत्रों, प्रान्तों के मंत्री व संगठन मंत्री सहित अनेक पदाधिकारी भाग लेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन