मेदिनीपुर, 25 मई (हि. स.)। महिषादल राजबाड़ी परिसर स्थित ऐतिहासिक गोपालजीउ मंदिर में सोमवार को चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है। भक्तों द्वारा दान की गई पीतल की मूर्तियों को चोरी करने के आरोप में एक युवक को मौके पर ही पकड़ लिया गया। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
सूत्रों के अनुसार, रोज़ की तरह मंदिर में पूजा चल रही थी, तभी एक युवक को संदिग्ध हालत में परिसर में घूमते देखा गया। मंदिर के सेवायतों को उसकी गतिविधियों पर शक हुआ। आरोप है कि युवक को पीतल की मूर्तियां हटाने की कोशिश करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। घटना की सूचना पाकर महिषादल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
गौरतलब है कि महिषादल राजबाड़ी पूर्व मेदिनीपुर का एक ऐतिहासिक और प्रमुख पर्यटन स्थल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। इसी परिसर में स्थित गोपालजीउ मंदिर में यह घटना होने से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
---------------

