मणिपुर में सुरक्षा बलों की बड़ी सफलता, भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद

Image of the Major Arms and Ammunition Haul Recovered in Manipur Operations.

इंफाल, 01 जून (हि.स.) । मणिपुर में सुरक्षा बलों ने अलग-अलग अभियानों के दौरान चुराचांदपुर और उखरुल जिलों से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक तथा सामरिक उपकरण बरामद किए हैं। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

31 मई को चुराचांदपुर थाना क्षेत्र के थिनेजांग और लेइमताक इलाकों में चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने एक एके-47 राइफल, दो सिंगल बैरल राइफल, एक देशी 50 मिमी मोर्टार, दो मोर्टार शेल, दो उच्च-विस्फोटक (एचई) मोर्टार बम तथा 7.62 मिमी एके-47 के दस जिंदा कारतूस बरामद किए। इसके अलावा तीन बुलेटप्रूफ जैकेट हार्नेस, तीन हेलमेट और तीन जोड़ी जंगल बूट भी जब्त किए गए।

वहीं, एक अन्य अभियान में उखरुल जिले के लितान थाना क्षेत्र अंतर्गत याओलेन चेपू गांव के आसपास चलाए गए एक अन्य अभियान में सुरक्षा बलों ने चार एसबीबीएल बंदूकें और दो एसबीएमएल बंदूकें बरामद कीं। अभियान के दौरान 12 बोर के 24 जिंदा कारतूस, विभिन्न हथियारों के खाली खोखे, जिनमें एसएलआर, एके और .303 राइफल के खोखे शामिल हैं, भी जब्त किए गए।

इसके अतिरिक्त तीन बाओफेंग वायरलेस सेट, 12 बोर गोला-बारूद ले जाने वाली बेल्ट, एक टैक्टिकल बेल्ट, एक मैगजीन पाउच, एक बुशनेल दूरबीन, एक कमर बैग तथा दो सीसे के टुकड़े भी बरामद किए गए।

अधिकारियों के अनुसार, राज्य में अवैध हथियारों की आवाजाही पर अंकुश लगाने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। बरामद हथियारों और उपकरणों के संबंध में आगे की जांच जारी है तथा इनके पीछे सक्रिय व्यक्तियों या संगठनों की पहचान की जा रही है।

----------

   

सम्बंधित खबर