
फतेहाबाद, 15 अप्रैल (हि.स.)। जिले के शहर भूना से एक व्यक्ति के लापता होने का समाचार है। लापता व्यक्ति की पत्नी ने एक विधवा महिला पर उसके पति को जाल में फंसाकर परेशान करने का आरोप लगाया है। इस मामले में भूना पुलिस ने मंगलवार को केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में भूना निवासी महिला ने कहा है कि एक विधवा महिला काफी समय से उसके पति के पीछे पड़ी हुई है और पूरी तरह से उसके पति को अपने जाल में फंसा रखा है। वह उसके पति को अपने साथ शादी करने के लिए मजबूर कर रही है। महिला ने कहा कि उनके 5 बच्चे हैं, लेकिन उक्त महिला उसका घर उजाडऩे पर तुली हुई है और उसके पति को धमकियां भी देती है। महिला ने कहा कि गत दिवस उसका पति उक्त महिला के घर पर ही था। रात को महिला ने उसे फोन कर कहा कि वह अपने पति को अपने पास वापस बुला ले। इसके बाद से उसके पति ईश्वर का कहीं कुछ पता नहीं चला है। महिला ने कहा कि उसका पति धमकियों के कारण मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा था। इस पर महिला ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई। इस मामले में भूना पुलिस ने केस दर्ज कर लापता व्यक्ति की तलाश शुरू कर दी है। दूसरे मामले में शहर फतेहाबाद पुलिस ने रामनगर टोहाना निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर उसकी 23 साल की लड़की के लापता होने के बारे में केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि अमित कुमार निवासी फुलियां कलां, टोहाना नामक युवक ने उसकी लडक़ी को कहीं छिपा रखा है।
हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा