
यमुनानगर, 21 मार्च (हि.स.)। अधिक कर्ज से परेशान एक व्यक्ति ने अपने घर के बाथरूम में चुन्नी से फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद पोस्टमार्टम कराकर शव परिजन को सौंप दिया। मृतक की पहचान दुर्गा गार्डन जगाधरी निवासी विकास के रूप में हुई। पुलिस जांच कर रही है।
मृतक विकास की पत्नी विनीता ने बताया कि उसकी 14 साल पहले विकास से शादी हुई थी और उसका एक नौ वर्ष का बेटा भी है। वह विकास के साथ दुर्गा गार्डन में पिछले 14 वर्षों से किराये के मकान में रह रही थी। विकास बर्तनों की फैक्ट्री में काम करता था। उसने कई जगह से कर्ज लिया हुआ था और कर्जा अधिक होने वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। उसका मोबाइल फोन भी खो गया था।
पुलिस के अनुसार विनीता ने बताया कि गुरुवार की रात को विकास एक सौ रुपये लेकर गया और लौटकर घर में शराब पीने लगा। रात लगभग नौ बजे वह और उसका बेटा वंश खाना खाकर कमरे में सोने चले गए। उस समय विकास टीवी देख रहा था। शुक्रवार सुबह लगभग सात बजे जब विनीता ने विकास को कमरे में नहीं देखा। उसने सोचा कि विकास काम पर चला गया होगा, लेकिन जब वह बाथरूम में गई तो अंदर से दरवाजा बंद होने पर उसने सोचा विकास बाथरूम में है और उसने आवाज़ लगाई, लेकिन जब अंदर से कोई आवाज नहीं आई। तब विनीता ने पड़ोसियों को बुलाकर बाथरूम के दरवाजे को तोड़ा तो देखा विकास चुन्नी से लटका हुआ था। उसे तुरंत नीचे उतारकर ई रिक्शा में जगाधरी के नागरिक अस्पताल में ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के संबंध में अर्जुन नगर चौकी के जांच अधिकारी इम्तियाज अली ने बताया कि आज सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजन को सौंप दिया। परिजन ने किसी पर कोई शक या आरोप नहीं लगाया है। पुलिस के अनुसार बीएनएसएस 194 के तहत कार्रवाई की गई।
हिन्दुस्थान समाचार / अवतार सिंह चुग