कमिश्नर सचिव एवं योजना के लिए नियुक्त अधिकारी मनदीप कौर ने किया गांवों का दौरा
- DSS Admin
- Jun 30, 2026
जम्मू, 30 जून (हि.स.) आर.एस. पूरा विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत सुचेतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के गांव अब्दुलिया एवं बडैयाल ब्राह्मणा में प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा के लिए आवास एवं शहरी विकास विभाग की कमिश्नर सचिव एवं योजना के लिए नियुक्त अधिकारी मनदीप कौर ने दोनों गांवों का दौरा कर ग्रामीणों के साथ बैठकें कीं। इस दौरान विधायक प्रो. गारू राम भगत, एसडीएम आर.एस. पुरा अनुराधा ठाकुर, तहसीलदार चंद्रशेखर, ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारी साहिल अंगराल सहित कृषि, लोक निर्माण (आर एंड बी), जल शक्ति तथा अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बडैयाल ब्राह्मणा में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान कमिश्नर सचिव मनदीप कौर ग्रामीणों की कम मौजूदगी देखकर नाराज़ हो गईं। बैठक में अधिकांश विभागीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे जबकि स्थानीय ग्रामीणों की संख्या काफी कम थी। इस पर उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यह योजना गांव के लोगों के विकास और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए है। यदि बैठक में ग्रामीण ही शामिल नहीं होंगे तो ऐसे आयोजन का उद्देश्य पूरा नहीं हो सकेगा। उन्होंने अधिकारियों को भविष्य में बैठकों से पहले ग्रामीणों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कमिश्नर सचिव की नाराज़गी के बाद जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने ग्रामीणों से संपर्क कर उन्हें बैठक में शामिल होने का आग्रह किया जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण बैठक स्थल पर पहुंचे और बैठक की कार्यवाही आगे बढ़ी।
बैठक के दौरान मनदीप कौर ने ग्रामीणों को वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति विकास कार्यों को लेकर सुझाव देना चाहता है तो वह ई-मेल अथवा व्हाट्सएप के माध्यम से भी अपने सुझाव भेज सकता है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की इस योजना के तहत करोड़ों रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कर गांवों में बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि ग्राम सभाओं के माध्यम से सभी विभागों द्वारा विकास योजनाओं का प्रारूप लगभग तैयार कर लिया गया है और अगले दो दिनों में इसे अंतिम रूप दे दिया जाएगा।
विधायक प्रोफेसर गारू राम भगत ने केंद्र सरकार की इस योजना का स्वागत करते हुए कहा कि उनके सुचेतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लगभग 10 गांवों को वाइब्रेंट विलेज योजना में शामिल किया गया है जिनमें अब्दुलिया और बडैयाल ब्राह्मणा भी शामिल हैं। इन गांवों में करोड़ों रुपये की लागत से विभिन्न विकास परियोजनाएं शुरू की जाएंगी।
---------------

