लंदन से महंगे गिफ्ट का झांसा देकर गृहिणी से 11 लाख की ठगी

पूर्व मेदिनीपुर, 30 जून (हि. स.)। जिले के पोटाशपुर इलाके में मंगलवार को साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। लंदन से महंगे उपहार भेजने का लालच देकर एक गृहिणी से करीब 11 लाख रुपये ठग लिए गए। मामले की शिकायत के बाद जिला साइबर थाने की पुलिस जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, पोटाशपुर थाना क्षेत्र के पुरुषोत्तमपुर इलाके की रहने वाली अंकिता प्रधान मंडल के मोबाइल पर 12 जून को एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को लंदन का निवासी बताया और बातचीत के दौरान कहा कि उसके माता-पिता नहीं हैं। इसके बाद उसने अंकिता को अपनी बहन बताकर लगातार संपर्क बनाए रखा।

कुछ दिनों बाद आरोपित ने गृहिणी को बताया कि उसने उसके लिए सोने-हीरे के गहनों सहित कई महंगे उपहार भेजे हैं। भरोसा दिलाने के लिए कथित उपहारों की तस्वीरें भी भेजी गईं। इसके बाद खुद को कूरियर कंपनी का प्रतिनिधि बताने वाले दूसरे व्यक्ति ने संपर्क किया और पार्सल छुड़ाने के नाम पर पहले 25 हजार रुपये मांगे। बाद में अलग-अलग कारण बताकर लगातार पैसों की मांग की जाने लगी। आरोप है कि पार्सल में मौजूद गहने केंद्रीय जांच एजेंसी द्वारा रोके जाने की बात कहकर एक लाख 25 हजार रुपये और फिर डॉलर होने का दावा करते हुए करीब सात लाख 50 हजार रुपये मांगे गए।

ठगों की बातों में आकर गृहिणी ने अपने सोने के गहने बेच दिए। साथ ही जमीन के दस्तावेज गिरवी रखकर और परिचितों से उधार लेकर कुल 10 लाख 95 हजार रुपये आरोपितों को दे दिए।

जब ठगों ने जीएसटी के नाम पर और 19 लाख रुपये की मांग की, तब महिला को शक हुआ। इसके बाद उन्होंने अपने पति को पूरी जानकारी दी। पति ने तुरंत जिला साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पीड़िता ने बताया कि मोबाइल के इस्तेमाल में अनुभव कम होने और भाई-बहन का भरोसा दिलाने की वजह से वह ठगी का शिकार हो गईं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

   

सम्बंधित खबर