बहिष्कार और बंद के बीच चुराचांदपुर पहुंचे मुख्यमंत्री, पूर्व विधायक को दी अंतिम विदाई
- DSS Admin
- Jul 04, 2026
इम्फाल, 04 जुलाई (हि.स.)। मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह शनिवार को कई नागरिक संगठनों के बहिष्कार के आह्वान और चुराचांदपुर में बंद के बीच हेलीकॉप्टर से चुराचांदपुर पहुंचे। उन्होंने पूर्व विधायक वुंगजागिन वाल्टे के आवास डोरकास वेंग में आयोजित अंतिम संस्कार में भाग लेकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। कई स्थानों पर प्रदर्शन हुए, बाजार बंद रहे और वाहनों की आवाजाही भी सीमित रही। प्रदर्शनकारियों ने इम्फाल–चुराचांदपुर मार्ग को अवरुद्ध करने का भी प्रयास किया। हालांकि, मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान किसी बड़ी हिंसक घटना की सूचना नहीं मिली।
तीन बार विधायक रहे वुंगजागिन वाल्टे 4 मई, 2023 को मणिपुर में जातीय हिंसा की शुरुआत के दौरान कथित भीड़ के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। लंबे समय तक उपचार के बाद 20 फरवरी, 2026 को गुरुग्राम के एक अस्पताल में उनका निधन हो गया। उनके निधन के चार महीने से अधिक समय बाद शनिवार को अंतिम संस्कार संपन्न हुआ।
वाल्टे पहली बार वर्ष 2012 में कांग्रेस के टिकट पर विधायक चुने गए थे। बाद में वह भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए और 2017 में दोबारा निर्वाचित हुए। उन्होंने जनजातीय कार्य एवं पर्वतीय क्षेत्र, सामान्य प्रशासन तथा परिवहन मंत्री के रूप में भी कार्य किया। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने चुराचांदपुर सीट फिर से जीती थी।
-----------

