लाखों रुपये मूल्य के सोने के बिस्कुट के साथ मणिपुरी व्यक्ति गिरफ्तार
- Admin Admin
- Jul 21, 2025
कछार (असम), 21 जुलाई (हि.स.)। संदिग्ध सोने के बिस्कुटों की तस्करी से संबंधित एक विश्वसनीय सूचना के आधार पर, कछार जिला मुख्यालय शहर सिलचर पुलिस स्टेशन की टीम ने बीती रात अभियान चलाया। पुलिस टीम ने रामनगर बाईपास के पास अभियान चलाते हुए लगभग 439 ग्राम वजन के 3 संदिग्ध सोने के बिस्कुट बरामद किए। जिसकी कीमत 45 लाख रुपये से अधिक बतायी गयी है।
जिला पुलिस अधिकारी नोमल महत्ता ने आज बताया है कि संदिग्ध सोने के बिस्कुट के साथ मणिपुर के चुराचांदपुर जिला निवासी खमनेउ मुनलुआ (32) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके पर स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में सोने के बिस्कुटों को जब्त कर लिया। बताया गया है कि संदिग्ध सोने के बिस्कुट मणिपुर से लाए गए थे और इन्हें आईएसबीटी, सिलचर के पास कहीं पहुंचाया जाना था। आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश



