अहमदाबाद के साणंद की पेंट फैक्टरी में भीषण आग, 18 अधिक से दमकल वाहन आग बुझाने में जुटे
- DSS Admin
- May 19, 2026
साणंद/अहमदाबाद, 19 मई (हि.स.)। गुजरात के अहमदाबाद जिले के साणंद तालुका के मोरैया इलाके में स्थित एसडी पेंट्स नामक कलर फैक्टरी में मंगलवार दोपहर भीषण आग लग गई। मोरैया ब्रिज के पास चांगोदर-मोरैया हाइवे स्थित फैक्टरी में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिसके बाद फायर विभाग ने “मेजर कॉल” घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 12 बजे फैक्टरी से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग पूरी फैक्टरी में फैल गई। आग इतनी भयानक थी कि उसके काले धुएं के गुबार करीब 10 किलोमीटर दूर बावला तक दिखाई दिए। आग के दौरान कई धमाकों की आवाजें भी सुनाई दीं, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। आग पर काबू पाने के लिए 18 से अधिक फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को लगाया गया है। पानी और फोम की मदद से युद्धस्तर पर आग बुझाने का अभियान चलाया जा रहा है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में सॉल्वेंट, थिनर और अन्य ज्वलनशील केमिकल मौजूद थे, जिसके कारण आग तेजी से फैलती चली गई। आसपास भी कई पेंट और कलर फैक्टरियां होने से प्रशासन की चिंता और बढ़ गई है। फायर विभाग आसपास की कंपनियों तक आग फैलने से रोकने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
फायर ऑफिसर मनु सोलंकी ने बताया कि एसडी पेंट्स कंपनी में भारी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग बेहद विकराल हो गई है। अहमदाबाद समेत आसपास के क्षेत्रों से अतिरिक्त फायर गाड़ियां मंगाई गई हैं। उन्होंने कहा कि यदि आग आसपास की अन्य फैक्टरियों तक पहुंचती तो बड़ा हादसा हो सकता है।
सौभाग्य से इस हादसे में अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि फैक्टरी में काम चल रहा था और कर्मचारी अंदर मौजूद थे। समय रहते उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। आग में कंपनी का लाखों रुपये का माल जलकर खाक हो गया होने की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल फायर विभाग की टीमों द्वारा आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास लगातार जारी हैं।
---------------

