जोधपुर, 17 मई (हि.स.)। शेरगढ़ कस्बे के अम्बेडकर सर्कल पर शनिवार देर रात शॉर्ट सर्किट से एक कबाड़ी के गोदाम में भीषण आग लग गई। इस घटना में लाखों रुपए का कबाड़, मशीनें और नकदी जलकर राख हो गई। आग लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।
कानोड़, तहसील गिड़ा, जिला बालोतरा निवासी रावत राम ने बताया कि शनिवार देर रात करीब 12 बजे 11 केवी बिजली लाइन में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी। परिवार के सदस्यों के सोने के दौरान यह घटना हुई और देखते ही देखते आग पूरे कबाड़ी स्टोर में फैल गई। आग की चपेट में आने से प्लास्टिक, तांबा, गिल्टी, पीतल और रद्दी पेपर सहित अन्य कबाड़ पूरी तरह नष्ट हो गया। जोधपुर में कबाड़ बेचकर लाए गए लगभग 2 लाख 60 हजार रुपए नकद भी जल गए। इसके अतिरिक्त, लगभग 8 लाख रुपए की हाइड्रोलिक प्रेस मशीन, जिसका उपयोग प्लास्टिक और अन्य सामान के बंडल बनाने में होता था, भी जलकर खाक हो गई। बताया गया है कि गोदाम में करीब 100 तैयार बंडल रखे हुए थे। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन अग्निशमन वाहन के देरी से पहुंचने के कारण आग पर तुरंत काबू नहीं पाया जा सका। करीब तीन घंटे बाद दमकल मौके पर पहुंची और पांच फेरे लगाकर आग पर नियंत्रण पाया। पीडि़त रावत राम ने इस हादसे में 30 लाख रुपए से अधिक के नुकसान का दावा करते हुए सरकार से मुआवजे की मांग की है।

