महापौर,प्रमुख सचिव नगर विकास व जिलाधिकारी ने किया पौधरोपण

—नगर निगम के अभियान में भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष और अन्य नेताओं ने भी की सहभागिता

वाराणसी,29 सितम्बर(हि.स.)। नगर निगम वाराणसी की ओर से रविवार को आयोजित स्वच्छता ही सेवा-2024 के “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान में अफसरों के साथ भाजपा के काशी क्षेत्र के पदाधिकारियों ने भी भाग लिया।

अभियान में महापौर अशोक तिवारी,भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल,वाराणसी जिलाध्यक्ष/एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय सहित प्रदेश के प्रमुख सचिव नगर विकास अमृत अभिजात, जिलाधिकारी एस. राजलिंगम,नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने जेल रोड फुलवरिया तिराहा के समीप सड़क के दोनों तरफ नीम और गुलमोहर का पौधा रोप कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। यहां विशिष्ट जनों ने जो पौधे लगाए, उसकी सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड लगाया गया। पाैधरोपण का यह कार्यक्रम 02 अक्तूबर तक जन जागरूकता और जन सहभागिता के साथ चलेगा। पौधरोपण कार्यक्रम के अवसर पर भाजपा पार्षद, नगर निगम के अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे।

—शिवपुर स्टेडियम में भी पौधरोपण

महापौर अशोक तिवारी ने रविवार को शिवपुर स्टेडियम में भी पौधरोपण किया। वाराणसी नगर निगम के अभियान में कुल 1550 पौधे लगाए गए। साथ में उसकी सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड भी स्थापित किया गया। वाराणसी नगर निगम की ओर से नीम, पीपल, बरगद, पाकड़, गोल्डमोहर, अमलतास के पाैधे लगाए गए। महापौर ने इस वर्ष 10 हजार पेड़ लगाने का लक्ष्य रखा है। जिसमें अभी तक 5554 पौधे लगाए जा चुके हैं। नगर निगम के अफसरों के अनुसार यह अभियान लगातार चलता रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

   

सम्बंधित खबर