उषा ब्रेको पर नगर निगम का 78 लाख रुपए बकाया

हरिद्वार, 3 अप्रैल (हि.स.)। हरिद्वार में मनसा देवी उड़न खटोला (रोपवे) का संचालन करने वाली कंपनी उषा ब्रेको लिमिटेड पर नगर निगम का 78 लाख रुपया बकाया है, जबकि कंपनी का नगर निगम से अनुबंध 10 अप्रैल को समाप्त हो रहा है। यह जानकारी एक आरटीआई सूचना से प्राप्त हुई है, जो उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारी ब्रह्मपुरी निवासी सुरेन्द्र सैनी ने नगर निगम से मनसा देवी रोप वे का संचालन कर रही उषा ब्रेको कंपनी के बकाया राशि एवं लीज अनुबंध के विषय में मांगी थी।

नगर निगम लोक सूचना अधिकारी की ओर से दी गई जानकारी में बताया है कि मंशा देवी मंदिर रोपवे संचालन करने वाली कंपनी पर 77 लाख 77 हजार 224 रूपए की बकाया राशि शेष है। जिसके लिए सहायक नगर आयुक्त नगर निगम हरिद्वार द्वारा 13 दिसम्बर 2024 को रोप वे कंपनी को बकाया राशि जमा किए जाने के लिए एक पत्र प्रेषित किया था। लेकिन नगर निगम द्वारा कंपनी को बकाया राशि वसूली के लिए प्रेषित पत्र की लगभग चार महीने की समयावधि बीत जाने के पश्चात भी कंपनी ने वर्तमान तिथि तक लाखों की बकाया राशि नगर निगम खाते में जमा नहीं कराई हैं। जबकि रोप वे कंपनी की लीज कंपनी 10 अप्रैल 2025 को समाप्त होने जा रही हैं।

इस मामले को लेकर उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारी सुरेन्द्र सैनी ने मेयर किरण जैसल को चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में कहा गया है कि नगर निगम द्वारा मंशा देवी उड़न खटोला कंपनी से लाखों की बकाया राशि वसूल की जाए और साथ ही 10 अप्रैल 2025 को रोप वे लीज समाप्ति पश्चात उड़न खटोले का संचालन स्वयं नगर निगम करे। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा नहीं होता है तो उड़नखटोला कंपनी से प्रति टिकट पर मिलने वाली 6 रूपए की धनराशि को बढाकर 20 रूपए किया जाए।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

   

सम्बंधित खबर