कोलकाता मेट्रो की ब्लू लाइन पर सुबह-सुबह यात्रियों की परेशानी, कार्यालय समय में सेवा बाधित होने की शिकायत
- DSS Admin
- May 18, 2026
कोलकाता, 18 मई (हि.स.)। सप्ताह के पहले कार्यदिवस की सुबह कोलकाता मेट्रो की ब्लू लाइन पर यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सोमवार सुबह कार्यालय समय के दौरान मेट्रो सेवाओं में देरी को लेकर यात्रियों ने कई शिकायतें कीं।
जानकारी के अनुसार, रविवार को टॉलीगंज-शहीद खुदीराम स्टेशन खंड में पूरे दिन रखरखाव कार्य के कारण सेवाएं बंद थीं। इसके बाद सोमवार सुबह भी उसी हिस्से में मेट्रो ट्रेनों के विलंब से चलने की शिकायत सामने आई।
वहीं, नोआपाड़ा से शहीद खुदीराम जाने वाली मेट्रो सेवाओं में भी हल्की देरी होने की बात कई यात्रियों ने कही। कार्यालय समय में ट्रेनें देर से पहुंचने के कारण विभिन्न स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ देखी गई। मेट्रो रेकों में भी अत्यधिक भीड़भाड़ की स्थिति बनी रही।
कुछ यात्रियों ने आरोप लगाया कि भीड़ के दबाव के कारण कई स्टेशनों पर मेट्रो के दरवाजे ठीक से बंद नहीं हो पा रहे थे। हालांकि मेट्रो सूत्रों के अनुसार, शहीद खुदीराम स्टेशन पर मेट्रो रेक को मोड़ने की प्रक्रिया में मामूली विलंब होने के कारण थोड़ी समस्या उत्पन्न हुई थी। मेट्रो प्रशासन का दावा है कि अब सेवाएं पूरी तरह सामान्य हो चुकी हैं।
इसके बावजूद यात्रियों का कहना है कि कार्यालय समय में मामूली देरी भी स्टेशनों पर भारी भीड़ का कारण बन जाती है और कई लोग ट्रेनों में चढ़ नहीं पा रहे हैं। वैसे मेट्रो की ओर से बताया गया है की सेवाएं सामान्य है और ज्यादा कोई समस्या नहीं है।

