नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास और जनकल्याण के नए कीर्तिमान स्थापित किए : डॉ जायसवाल
- DSS Admin
- Jun 14, 2026
अररिया 14 जून(हिस.)।
बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ दिलीप कुमार जायसवाल ने रविवार को अररिया आगमन पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं।
मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के समय यह शिकायत आम थी कि सरकार द्वारा भेजी गई सहायता राशि का बड़ा हिस्सा बिचौलियों के माध्यम से बीच में ही समाप्त हो जाता था और वास्तविक लाभुकों तक उसका पूरा लाभ नहीं पहुंच पाता था। प्रधानमंत्री मोदी ने जनधन, आधार और मोबाइल व्यवस्था के माध्यम से इस समस्या का स्थायी समाधान किया। करोड़ों गरीब परिवारों के जनधन खाते खुलवाए गए, जिससे सरकारी योजनाओं की राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रही है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से देश के करोड़ों किसानों को प्रत्यक्ष आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। 2019 से देश के लगभग 80 करोड़ लोगों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।
मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत करोड़ों लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिल रहा है। प्रधानमंत्री ने गरीब परिवारों को सम्मानजनक जीवन देने के उद्देश्य से करोड़ों शौचालयों का निर्माण कराया, जिससे विशेष रूप से महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित हुई। जल जीवन मिशन के अंतर्गत करोड़ों घरों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का कार्य किया गया है। वहीं, उज्ज्वला योजना के माध्यम से गरीब माताओं-बहनों को धुएं से मुक्ति दिलाकर स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराया गया है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने केवल कल्याणकारी योजनाओं तक ही अपने कार्यों को सीमित नहीं रखा, बल्कि देश के आधारभूत ढांचे को भी नई गति प्रदान की है। गंगा नदी पर कई नए पुलों का निर्माण किया गया है तथा कोसी क्षेत्र के विकास के लिए लगभग 6 हजार करोड़ रुपये की राशि आवंटित की गई है। ऊर्जा के क्षेत्र में भारत आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से अग्रसर है। देश में आधुनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए रैपिड रेल जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर कार्य हो रहा है।
जायसवाल ने बताया कि वर्ष 2014 से पूर्व देश में केवल 74 हवाई अड्डे थे, जबकि पिछले वर्षों में लगभग 90 नए हवाई अड्डों का निर्माण एवं विस्तार किया गया है। सड़क संपर्क के क्षेत्र में देशभर में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं और राष्ट्रीय राजमार्गों का विशाल नेटवर्क विकसित किया गया है। स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए 23 नए एम्स की स्वीकृति दी गई है, जिससे आम नागरिकों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।

