किशनगंज में मंत्री जायसवाल का विपक्ष पर हमला, बोले- एनडीए में फूट डालना चाहते हैं तेजस्वी
- DSS Admin
- Jul 05, 2026
किशनगंज, 05 जुलाई (हि.स.)। राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने किशनगंज में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कई समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए राज्य और राष्ट्रीय राजनीति से जुड़े विषयों पर सरकार का पक्ष रखा। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को दोबारा जेड श्रेणी की सुरक्षा दिए जाने के फैसले का स्वागत करते हुए मंत्री ने कहा कि गृह विभाग के अधीन गठित सुरक्षा समिति समय-समय पर सभी वीआईपी की सुरक्षा की समीक्षा करती है।
समिति की अनुशंसा के आधार पर ही दोनों नेताओं को जेड श्रेणी की सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है। राजद नेता तेजस्वी यादव द्वारा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को केंद्र सरकार में उप प्रधानमंत्री बनाए जाने की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. जायसवाल ने कहा कि तेजस्वी यादव के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वे एनडीए में फूट डालने का प्रयास कर रहे हैं।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला सहित कुछ नेताओं द्वारा पाकिस्तान के साथ वार्ता की मांग संबंधी पत्र पर भी मंत्री ने टिप्पणी की।उन्होंने कहा कि देश देख रहा है कि धारा 370 का समर्थन करने वाले लोग आज पाकिस्तान से बातचीत की वकालत कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोग भारत में रहकर देश विरोधी बातें कर रहे हैं। मंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार राष्ट्रीय हितों और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर स्पष्ट नीति के साथ कार्य कर रही है।

