किश्तवाड़ में नाबालिग छात्रा की मौत शिक्षक गिरफ्तार व निलंबित
- Editor Chief
- Aug 21, 2026
किश्तवाड़, 21 अगस्त। जिले के छातरू क्षेत्र की एक नाबालिग छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पुलिस ने सरकारी शिक्षक खालिद हुसैन शेख को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ छातरू पुलिस थाने में POCSO अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार छात्रा गर्भवती बताई जा रही थी। उसे जिला अस्पताल किश्तवाड़ से गर्भावस्था समाप्त करने संबंधी विशेष उपचार के लिए डोडा रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में उसकी हालत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया। पुलिस छात्रा की गर्भावस्था और मौत से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रही है।
इस बीच, मुख्य शिक्षा अधिकारी किश्तवाड़ ने आरोपी खालिद हुसैन शेख को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वह शिक्षा जोन इंदरवाल के राजकीय मिडिल स्कूल बुमलपोरा में शिक्षक ग्रेड-द्वितीय के पद पर तैनात था। निलंबन आदेश के अनुसार उसके खिलाफ पुलिस स्टेशन छातरू में दर्ज FIR संख्या 34/2026 के मद्देनजर जम्मू-कश्मीर सिविल सेवा नियमों के नियम 31 के तहत कार्रवाई की गई है। घटना के विरोध में शुक्रवार की नमाज के बाद छातरू और किश्तवाड़ शहर में लोगों ने प्रदर्शन कर निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
प्रारंभिक रिपोर्टों में छात्रा की उम्र को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं। पुलिस ने कहा है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्य स्पष्ट हो पाएंगे।

