मोबाइल छीनने का विरोध पड़ा भारी, दो युवकों पर चाकू से हमला, एक की हालत गंभीर
- DSS Admin
- May 09, 2026
सुपौल, 09 मई (हि.स.)। जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत सिमराही के रामनगर रोड में शनिवार दोपहर करीब एक बजे मोबाइल छीनने का विरोध करना दो युवकों को भारी पड़ गया। बदमाशों ने विरोध करने पर दोनों युवकों पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें एक युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।
घायलों की पहचान सिमराही वार्ड संख्या-1 निवासी मो. जफिर आलम के 19 वर्षीय पुत्र मो. जावेद तथा फिरोज खान के 22 वर्षीय पुत्र अरवाज खान के रूप में हुई है। घायल मो जावेद ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ रामनगर रोड स्थित एक पान एवं किराना दुकान पर सामान खरीद रहा था। इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे और उसका मोबाइल छीनने का प्रयास करने लगे। जब उसने विरोध किया तो दोनों हमलावरों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। वहीं अरवाज खान ने बताया कि वह भी मौके पर मौजूद था। घटना का विरोध करने पर बदमाशों ने उसे भी चाकू मारकर घायल कर दिया।घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया। रेफरल अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद राहुल झा ने बताया कि मो. जावेद की स्थिति गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घायलों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

