मुहर्रम को लेकर वीरपुर थाना में शांति समिति की बैठक, डीजे और हथियार प्रदर्शन पर रहेगा प्रतिबंध
- DSS Admin
- Jun 19, 2026
सुपौल, 19 जून (हि.स.)।
मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से वीरपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष राजू रंजन कुमार ने की। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर चर्चा की।
बैठक में मौजूद सीओ भाई वीरेंद्र ने कहा कि मुहर्रम के दौरान डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा तथा किसी भी प्रकार के धारदार हथियारों का प्रदर्शन नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारे और शांति के साथ पर्व मनाने की अपील की। साथ ही अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल प्रशासन को देने का आग्रह किया।थानाध्यक्ष राजू रंजन कुमार ने बताया कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी।
पुलिस गश्ती दलों के साथ डायल 112 की टीम भी लगातार सक्रिय रहेगी। उन्होंने कहा कि 26 और 27 जून को निर्धारित समय के अनुसार ही ताजिया जुलूस निकाले जाएंगे और ताजिया समितियों को नियमानुसार लाइसेंस प्राप्त करना होगा।बैठक में नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखने का निर्णय लिया गया।
नौला पिकेट प्रभारी अखिलेश कुमार ने कहा कि शांति भंग करने वाले तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।बैठक में बरैनी उपप्रमुख रूपम कुमारी, पूर्व जिला पार्षद सुल्ताना बेगम, विपिन पासवान, मुखिया दीपक कुमार, राजीव कुमार, पूर्व मुखिया रामप्रवेश सिंह, सुखराम महतो, जयजयराम सहनी, सरपंच सच्चिदानंद झा, शंभू पासवान और अरुण प्रसाद सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

