गुवाहाटी, 17 जून (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि असम पुलिस ने एक सफल मादक पदार्थ विरोधी अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए कार्बी आंगलोंग जिले में 3.049 किलोग्राम मॉर्फिन बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग तीन करोड़ रुपये है।
मुख्यमंत्री ने एक सोशल मीडिया संदेश में बताया कि यह खेप एक वाहन के माध्यम से गुवाहाटी ले जाई जा रही थी। पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी के दौरान मॉर्फिन जब्त कर ली और इस मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार किया।
डॉ. सरमा ने कहा कि असम पुलिस नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार सतर्कता के साथ कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का “असम अगेंस्ट ड्रग्स” अभियान पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगा और नशे के नेटवर्क को खत्म करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी चलाए जाएंगे।
----------

