मोवमेंट कल्कि बोर्ड मेंबर सपना हिंदू द्वारा शुभेंदु अधिकारी के बयान की कड़ी निंदा, तत्काल माफी की मांग

जम्मू,, 27 मई (हि.स.)।

मोवमेंट कल्कि की बोर्ड मेंबर सपना हिंदू ने पश्चिम बंगाल के वरिष्ठ भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के उस कथित बयान की कड़ी निंदा की है जिसमें गौ माता की उम्र तय कर उन्हें कत्लखानों में भेजने जैसी बात कही गई बताई जा रही है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का बयान सनातन धर्म, हिंदू आस्था और भारतीय संस्कृति का खुला अपमान है जिससे करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

सपना हिंदू ने कहा कि सनातन संस्कृति में गौ माता केवल एक पशु नहीं बल्कि श्रद्धा, करुणा, सेवा और भारतीय सभ्यता का प्रतीक हैं। गौ माता को केवल उम्र और उपयोगिता के आधार पर आंकना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और असंवेदनशील मानसिकता को दर्शाता है जो सनातन धर्म के सिद्धांतों के पूरी तरह खिलाफ है।

उन्होंने कहा कि कत्लखानों जैसी भाषा और गौ माता को बोझ समझने वाली सोच हिंदू समाज कभी स्वीकार नहीं करेगा। सार्वजनिक और संवैधानिक पदों पर बैठे नेताओं को इस प्रकार के संवेदनशील विषयों पर बयान देते समय अपनी जिम्मेदारी और मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए।

सपना हिंदू ने कहा कि शुभेंदु अधिकारी के इस बयान और अभियान से पूरे सनातन समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने मांग की कि शुभेंदु अधिकारी तुरंत सार्वजनिक रूप से माफी मांगें और अपने बयान पर स्पष्टीकरण दें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि माफी नहीं मांगी गई तो देशभर में सनातन संगठनों और हिंदू समाज द्वारा लोकतांत्रिक तरीके से कड़ा विरोध किया जाएगा।

उन्होंने आगे कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा को सत्ता और जनसमर्थन सनातन धर्म और गौ माता के सम्मान के नाम पर मिला है। हिंदू समाज ने भाजपा पर इसलिए विश्वास किया क्योंकि लोगों को उम्मीद थी कि पार्टी सनातन मूल्यों और गौ माता की रक्षा के लिए मजबूती से खड़ी रहेगी। ऐसे में शुभेंदु अधिकारी का यह बयान हिंदुओं की आस्था पर सीधा प्रहार है और इससे भाजपा समर्थकों में भी भारी नाराजगी है।

सपना हिंदू ने कहा कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को इस विषय को गंभीरता से लेना चाहिए और शुभेंदु अधिकारी से उनके बयान पर जवाब मांगना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में चुप्पी साधना सनातन समाज की भावनाओं की अनदेखी होगी,जिसे हिंदू समाज कभी स्वीकार नहीं करेगा।

   

सम्बंधित खबर