गुरु हरगोबिंद साहिब जी का प्रकाश पर्व 5 जुलाई को धूमधाम से मनाया जाएगा, कीर्तन दरबार का होगा आयोजन
- Neha Gupta
- Jul 04, 2026

कठुआ, 04 जुलाई । जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी कठुआ द्वारा शनिवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में जानकारी दी गई कि छठी पातशाही श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी का प्रकाश पर्व 5 जुलाई 2026 को श्रद्धा और भक्ति भाव से मनाया जाएगा। इस अवसर पर गुरुद्वारा सिंह सभा मेन बाजार कठुआ में विशेष धार्मिक समागम का आयोजन किया जाएगा।
कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होने वाले कीर्तन दरबार में दरबार साहिब अमृतसर से पधारे भाई गुरमीत सिंह रागी गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत करेंगे। वहीं शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी अमृतसर से जुड़े भाई हरविंदर सिंह परचारक गुरु हरगोबिंद साहिब जी के जीवन इतिहास पर प्रकाश डालेंगे। पत्रकार वार्ता के दौरान कमेटी ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि समागम को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने संगत से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस पावन अवसर का लाभ उठाएं और गुरु साहिब की शिक्षाओं से प्रेरणा ग्रहण करें। जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में भाईचारा, सेवा और आध्यात्मिक चेतना को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से समय पर पहुंचकर कार्यक्रम में भाग लेने का आग्रह किया।
---------------

