सेवन वॉटरफॉल में युवक के डूबने की घटना के बाद आवाजाही पर रोक, तलाश अभियान जारी
- DSS Admin
- Jun 27, 2026
कठुआ/बनी, 27 जून (हि.स.)। जिला कठुआ की पहाड़ी तहसील बनी स्थित सरथल के पास सेवन वॉटरफॉल में एक युवक के डूबने की घटना के बाद प्रशासन ने क्षेत्र में आम लोगों की आवाजाही और प्रवेश पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है। यह आदेश उप मंडल मजिस्ट्रेट बनी द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत जारी किया गया है।
जानकारी के अनुसार बीते दिन हुए हादसे के बाद रेस्क्यू टीमों द्वारा युवक की तलाश के लिए अभियान लगातार जारी है लेकिन खबर लिखे जाने तक डूबे हुए युवक का कोई पता नहीं चल पाया है। प्रशासन के अनुसार यह क्षेत्र अत्यंत खतरनाक है जहां फिसलन भरी चट्टानें, गहरी खाइयां, तेज जलधाराएं और अस्थिर ढलानें मौजूद हैं। साथ ही यहां सुरक्षित रास्तों, रेलिंग, बचाव तंत्र और आपातकालीन सुविधाओं का अभाव है जिससे हादसों की आशंका बनी रहती है। आदेश के तहत किसी भी व्यक्ति, पर्यटक, ट्रैकिंग या पिकनिक समूह को बिना अनुमति क्षेत्र में जाने की अनुमति नहीं होगी। संबंधित विभागों को चेतावनी बोर्ड और बैरिकेड लगाने के निर्देश दिए गए हैं जबकि पुलिस को सख्ती से आदेश लागू करने को कहा गया है। यह प्रतिबंध जन सुरक्षा के हित में अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा।
---------------

