बिट्टू यादव की संदिग्ध मौत मामले में सांसद पप्पू यादव ने परिजनों से की मुलाकात
- DSS Admin
- Jun 17, 2026

सुपौल, 17 जून (हि.स.)।
जिले के जदिया थाना क्षेत्र की कोरियापट्टी पूरब पंचायत के रजगांव वार्ड संख्या 2 निवासी नंदन कुमार के 24 वर्षीय पुत्र बिट्टू कुमार की जदिया थाना हाजत में बंद संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु दुर्भाग्यपूर्ण है।
संदिग्ध मौत के मामले को लेकर पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव मृतक के परिजनों से मिलने उनके आवास पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की, घटना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा गहरी शोक संवेदना व्यक्त की।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस द्वारा की गई निर्मम पिटाई के कारण बिट्टू कुमार की मृत्यु हुई है। सांसद पप्पू यादव ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल सहरसा रेंज के डीआईजी एवं सुपौल के पुलिस अधीक्षक से दूरभाष पर वार्ता कर निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का आग्रह किया। यदि जांच में कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
इस दौरान सांसद पप्पू यादव ने अपनी ओर से मृतक की पत्नी को तत्काल ₹25,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की तथा परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इससे पूर्व सांसद ने बिट्टू यादव के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
पत्रकारों एवं स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए पप्पू यादव ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यदि युवा नशे से बचेंगे तभी समाज और देश का भविष्य सुरक्षित रहेगा।
उन्होंने बिहार में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं और असामयिक मौतों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि समाज को भी आत्ममंथन करना होगा कि ऐसी परिस्थितियां क्यों उत्पन्न हो रही हैं। उन्होंने कहा कि छात्र, युवा और किसान लगातार बढ़ते सामाजिक एवं आर्थिक दबावों का सामना कर रहे हैं, जो चिंता का विषय है।
राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि आम लोग असुरक्षा और भय के माहौल में जीवन जीने को मजबूर हैं। महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध बढ़ रही घटनाओं पर चिंता जताते हुए उन्होंने कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने की आवश्यकता बताई। खान सर एवं रौशन सर से जुड़े प्रश्न पर सांसद ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी विवाद का समाधान शांतिपूर्ण तरीके से होना चाहिए।
उन्होंने दोनों पक्षों से विद्यार्थियों के हित में संयम बरतने तथा छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील की। सांसद पप्पू यादव ने कहा कि करीब हर 20 मिनट में एक मौत हो रही है, कोई भी सुरक्षित नहीं है, समाज भी संघर्ष नहीं करता है, अब देश में वो बात नहीं रही. अच्छी परिस्थिति नहीं है, हमें उम्मीद नहीं लगता है कि 2027-28 आते-आते आम लोगों की जिंदगी बच पाएगी।

