
मुंबई, 5 मई (हि.स.)। मढ़ में फर्जी नक्शे के आधार पर बनाए गए एक अवैध बंगले पर मुंबई महानगरपालिका ने कार्रवाई की है। सोमवार को पुलिस का तगड़ा बंदोबस्त लगाकर मनपा के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बंगले को ध्वस्त कर दिया। इस तोड़क कार्रवाई से मढ़ इलाके में अवैध निर्माण करने वालों में दहशत फैल गई है।
शिकायत है कि मढ़ इलाके में फर्जी दस्तावेजों और नक्शे के आधार पर कई अवैध निर्माण किए गए हैं। मनपा के पी (उत्तर) विभाग कार्यालय की ओर से सोमवार को मढ़ में तोड़क कार्रवाई की गई। मनपा से मिली जानकारी के अनुसार 'प्रीत' नामक बंगले का निर्माण फर्जी नक्शे के आधार पर मढ़ क्षेत्र के एरंगल गांव के निकट किया गया था। इसकी पुष्टि होने के बाद 1,500 वर्ग फुट क्षेत्र में बनाए गए इस बंगले को ढहा दिया गया।
एक पोकलेन और दो जेसीबी की मदद से बंगले को ध्वस्त कर दिया गया। यह तोड़क कार्रवाई मनपा उपायुक्त (जोन-4) भाग्यश्री कापसे और सहायक आयुक्त (पी उत्तर) कुंदन वालवी के नेतृत्व में की गई। इस कार्रवाई के दौरान मनपा अधिकारियों और कर्मचारियों सहित भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार