जबलपुर : पत्नी की संदिग्ध मौत के बाद लापता पति का शव फंदे पर मिला, पुलिस जांच में जुटी

जबलपुर, 06 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अधारताल क्षेत्र में किराए के मकान से महिला का शव मिलने के एक दिन बाद उसके पति का शव भी संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। शनिवार रांझी थाना क्षेत्र स्थित वीएफजे इस्टेट के एक परित्यक्त कर्मचारी क्वार्टर में 40 वर्षीय मयंक सिंह का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस प्रारंभिक तौर पर इसे आत्महत्या का मामला मान रही है, हालांकि पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।

रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया कि मृतक की पहचान मयंक सिंह पुत्र प्रताप सिंह निवासी न्यू कंचनपुर, थाना अधारताल तथा मूल निवासी ग्राम जुगिया, थाना बड़वारा, जिला कटनी के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार शुक्रवार शाम वीएफजे इस्टेट में मयंक सिंह संदिग्ध परिस्थितियों में घूमता दिखाई दिया था। सुरक्षा कर्मियों ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह अपना वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला था, जिसके बाद से उसकी तलाश की जा रही थी।

गौरतलब है कि शुक्रवार को अधारताल के न्यू कंचनपुर स्थित एक किराए के मकान से 35 वर्षीय नेहा सिंह का शव बरामद हुआ था। मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी थी कि पति-पत्नी पिछले दो-तीन दिनों से दिखाई नहीं दे रहे हैं और कमरे से तेज दुर्गंध आ रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां रसोई में नेहा सिंह का शव पड़ा मिला।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल, डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया था। प्रारंभिक जांच में महिला की मौत दो से तीन दिन पहले होने की आशंका जताई गई थी। शव काफी हद तक सड़ चुका था।

महिला का शव मिलने के बाद से उसका पति मयंक सिंह लापता था, जिसके चलते पुलिस को उस पर संदेह था और उसकी तलाश की जा रही थी। पुलिस को जानकारी मिली थी कि वह रात के समय रेलवे ट्रैक की ओर जाता भी देखा गया था।

पुलिस जांच में सामने आया है कि नेहा सिंह मूल रूप से मदनमहल क्षेत्र के अमानपुर की निवासी थी। उसके पहले पति की मृत्यु हो चुकी थी, जिसके बाद उसने कटनी निवासी मयंक सिंह से दूसरा विवाह किया था। दंपती के साथ रह रहा आठ वर्षीय बालक अब माता-पिता दोनों को खोने के बाद गहरे सदमे में है।

फिलहाल पुलिस दोनों मौतों के बीच संबंधों की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

   

सम्बंधित खबर