जबलपुर में महिला बिजनेस पार्टनर की हत्या के बाद युवक ने खुद को गोली मारी, दोनों की मौत
- DSS Admin
- Jun 15, 2026
जबलपुर, 15 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर के गोरखपुर थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक युवक ने अपनी महिला बिजनेस पार्टनर की गोली मारकर हत्या कर दी और इसके बाद स्वयं को भी गोली मार ली। घटना में दोनों की मौत हो गई। पुलिस प्रारंभिक जांच में कारोबारी विवाद और आर्थिक लेनदेन को संभावित कारण मानकर जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान शक्ति कोहली और दीपेश राठौर के रूप में हुई है। दोनों कुछ समय पहले साझेदारी में एक ब्यूटी पार्लर संचालित कर रहे थे। बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर दीपेश राठौर शक्ति कोहली के घर पहुंचा, जहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
विवाद के दौरान दीपेश ने कथित रूप से शक्ति कोहली पर गोली चला दी। इसके बाद उसने स्वयं को भी गोली मार ली। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही गोरखपुर थाना पुलिस, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके से हथियार सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
मृतका के परिजन शरद जाटव ने बताया कि दीपेश राठौर पहले फर्नीचर व्यवसाय से जुड़ा था और उसने शक्ति कोहली के साथ मिलकर ब्यूटी पार्लर व्यवसाय शुरू किया था। परिजनों का दावा है कि पिछले कुछ समय से दोनों के बीच संबंध सामान्य नहीं थे और शक्ति ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी थी।
पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज जब्त कर लिए हैं। अधिकारियों के अनुसार कॉल डिटेल, चैट रिकॉर्ड और आर्थिक लेनदेन की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर ही घटना के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक और चर्चा का माहौल है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

