प्रतापगढ़ में घर के बाहर सो रहे वृद्ध की हत्या

प्रतापगढ़, 19 अक्टूबर (हि.स.)। अंतू थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह घर के बाहर सो रहे एक वृद्ध का शव रक्तरंजित हालत में मिला है। हत्या की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम भेजकर हत्या के हर पहलू की जांच में जुटी हुई है।

रघुनाथपुर गांव के बाबूलाल सरोज (72) की लाश शनिवार को घर के बाहर बिस्तर पर खून से लथपथ मिला। वह रात में छप्पर में सोए थे। सुबह परिजन जागे और शव देखा तो सन्न रह गए। इस जानकारी पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

मृतक बाबूलाल की तीन बेटियां और एक बेटा जीतलाल है। सभी बेटियों की शादी हो चुकी है। वहीं बेटा भी शादी के बाद से अलग ही रहता है। शनिवार सुबह बाबूलाल का शव घर से करीब दो सौ मीटर दूर खेत में चारपाई पर पड़ा मिला। इस दौरान मृतक के सिर, गले पर चोट के निशान मिलें। वहीं हत्यारों ने उसके प्राइवेट पार्ट को भी काट दिया था।

अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश कुमार सिंह, अंतू थानाध्यक्ष भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की छानबीन की। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

एएसपी ने बताया कि परिजनाें से जानकारी मिली है कि बाबू लाल का पड़ोसी बृजेश से जमीन का विवाद चल रहा है। एक सप्ताह पूर्व दोनों के बीच मारपीट हुई थी। इसमें बाबूलाल ने बृजेश सहित आधा दर्जन लोगों के खिलाफ अंतू थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।

वहीं, पुलिस की छानबीन में यह पता चला है कि वृद्ध को सोते समय चारपाई सहित हत्यारे उठा ले गए और खेत में मारने के बाद पुनः चारपाई पर लिटा दिया। क्योंकि मृतक के शरीर पर चोट, खून के साथ मिट्टी भी लगी है। पुलिस घटना की जांच कर रही है, जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / दीपेन्द्र तिवारी

   

सम्बंधित खबर