नव निर्मित शिव मंदिर प्राण प्रतिष्ठा में पहुंचा नंदी, श्रद्धालुओं में उत्साह

बीजापुर, 06 जुलाई (हि.स.)। जिले के मद्देड में नव निर्मित भगवान शिव मंदिर में चल रहे प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के बीच आज सोमवार सुबह एक ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने श्रद्धालुओं की आस्था को और प्रगाढ़ कर दिया। मंदिर के गर्भगृह में अचानक एक नंदी (बैल) के पहुंच जाने से वहां मौजूद श्रद्धालुओं में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने इसे भगवान शिव की विशेष कृपा और प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व शुभ संकेत के रूप में देखा।

गौरतलब है कि भगवान शिव की प्राण प्रतिष्ठा 8 जुलाई को प्रस्तावित है। इसके लिए 5 जुलाई से वैदिक विधि-विधान के साथ विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ हो चुका है। प्रतिदिन पूजा-अर्चना, हवन, रुद्राभिषेक एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। सोमवार सुबह पूजा के दौरान नंदी के मंदिर के गर्भगृह तक पहुंचने की घटना चर्चा का विषय बन गई। श्रद्धालुओं ने श्रद्धाभाव से नंदी महाराज का स्वागत किया और दर्शन कर स्वयं को धन्य महसूस किया। मंदिर परिसर में उपस्थित लोगों का कहना था कि भगवान शिव के वाहन नंदी का इस प्रकार गर्भगृह में पहुंचना अत्यंत शुभ माना जाता है। मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के सभी कार्यक्रम निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी हैं। 8 जुलाई को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न होगी।

---------------

   

सम्बंधित खबर