बारुईपुर कांड : सांसद सायोनी घोष ने पीड़ित परिवार को दिया भरोसा, त्वरित कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री का जताया आभार
- DSS Admin
- Jul 06, 2026
कोलकाता, 05 जुलाई (हि.स.)। बारुईपुर में 11 वर्षीय नाबालिक के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना पर जादवपुर की सांसद सायोनी घोष ने गहरा आक्रोश और दुख व्यक्त किया है। उन्होंने पीड़ित परिवार के साथ हर स्तर पर खड़े रहने का आश्वासन दिया है और राज्य सरकार की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।
सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए सायोनी घोष ने लिखा कि बारुईपुर में हुई इस नृशंस घटना से वह स्तब्ध और मर्माहत हैं। उन्होंने कहा कि शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने के लिए उनके पास शब्द नहीं हैं। इस समय वह सामाजिक, मानसिक और प्रशासनिक रूप से परिवार के साथ हैं।
सांसद ने आगे बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से इस मामले पर चर्चा की है और उन्हें आश्वासन मिला है कि राज्य सरकार अपराधियों की पहचान, गिरफ्तारी और शीघ्र न्याय सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आरोपितों की गिरफ्तारी और मामले के त्वरित निपटारे के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया है। सायनी घोष ने त्वरित और आवश्यक कदम उठाने के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया।
उन्होंने यह भी कहा कि स्थानीय सांसद के रूप में वह प्रशासन के लगातार संपर्क में हैं, ताकि जांच सही दिशा में और तेजी से पूरी हो सके।
नाबालिग की मौत के बाद इलाके में भड़की भीड़ ने एक व्यक्ति की पिटाई कर दी, जिसमें उसकी मौत हो गई। इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए सायोनी घोष ने कहा कि जनाक्रोश के कारण हुई इस मॉब लिंचिंग की वह कड़ी निंदा करती हैं। उन्होंने अपील की कि किसी भी हाल में कानून हाथ में न लिया जाए।
सांसद ने शोकसंतप्त परिवार और स्थानीय लोगों से प्रशासन पर भरोसा रखने, पुलिस जांच में सहयोग करने और इलाके में शांति बनाए रखने की अपील की।
बारुईपुर में नाबालिग के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना के बाद पूरे राज्य में आक्रोश है। पुलिस ने रातभर तलाशी अभियान चलाकर इस मामले में तीन आरोपितों को हिरासत में लिया है, जबकि दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में छह सदस्यीय एसआईटी मामले की जांच कर रही है।

