एनडीए 3.0 का बड़ा ऐलान : असम के 10 लाख युवाओं को मिलेगा 5 लाख रुपये का उद्यमिता सहयोग
- DSS Admin
- May 11, 2026
गुवाहाटी, 11 मई, (हि.स.): असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने सोमवार को राज्य के युवाओं के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) 3.0 सरकार की बड़ी योजना की घोषणा करते हुए कहा कि असम के 10 लाख युवाओं को उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक को पांच लाख रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर यह जानकारी साझा करते हुए कहा कि इस पहल का उद्देश्य “आत्मनिर्भर असम” के निर्माण को गति देना, स्थानीय उद्यमों को बढ़ावा देना तथा युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर तैयार करना है।
उन्होंने कहा कि बेहतर भविष्य केवल एक वादा नहीं, बल्कि सरकार का मिशन है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार सपने देखने वाले और रोजगार सृजित करने वाले युवाओं के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।
यह घोषणा ऐसे समय में की गई है जब 12 मई को नई असम सरकार के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां चल रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. सरमा नई एनडीए कैबिनेट के साथ शपथ लेंगे। समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत देशभर के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे।

