पूसीरे की आरपीएफ ने की चोरी के संदिग्धों की त्वरित गिरफ़्तारी

गुवाहाटी, 17 मई (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) की रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ज़ोन भर में अलग-अलग स्थानों पर सफलतापूर्वक कार्रवाई कर यात्रियों की सुरक्षा और रक्षा के प्रति अपनी मजबूत प्रतिबद्धता को एक बार पुनः प्रमाणित किया है। पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने आज बताया है कि बीते 12 मई को गुवाहाटी की एंटी-ड्रगिंग टीम ने ट्रेन संख्या 22450 (नई दिल्ली - गुवाहाटी) पूर्वोत्तर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में सवार एक व्यक्ति को यात्रियों का सामान चुराने के आरोप में पकड़ा। उसके पास से लगभग 30,000 रुपये कीमत के चोरी के दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। आरोपित को बरामद सामान के साथ जीआरपी/गुवाहाटी को सौंप दिया गया, जहां भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत एक मामला दर्ज किया गया है।

उसी दिन एक और कार्रवाई में, आरपीएफ/पोस्ट/कटिहार (पूर्व) के जवानों ने कटिहार रेलवे स्टेशन पर एक व्यक्ति को पकड़ा। उसके पास से लगभग 32,000 रुपये का एक चोरी का मोबाइल फोन बरामद किया गया। इसके बाद आरोपी को जीआरपी/कटिहार को सौंप दिया गया। बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत एक मामला दर्ज किया गया।

अपनी सख्त कार्रवाई जारी रखते हुए, 13 मई को रंगिया की सीआईबी टीम ने रंगिया रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 15933 (न्यू तिनसुकिया - अमृतसर) एक्सप्रेस में सवार एक व्यक्ति को पकड़ा, जिसके पास से लगभग 25,000 रुपये के चोरी के दो मोबाइल बरामद किए गए। आरोपित को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी/रंगिया को सौंप दिया गया।

ये सफल कार्रवाइयां यात्रियों और उनके सामान की सुरक्षा और रक्षा सुनिश्चित करने में आरपीएफ जवानों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई को प्रदर्शित करते हैं।

   

सम्बंधित खबर