मुरादाबाद से अलीगढ़ मार्ग को फोर लेन बनाने के लिए जमीन अधिग्रहण की तैयारी पूरी

मुरादाबाद, 03 जून (हि.स.)। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने मुरादाबाद से अलीगढ़ मार्ग को फोर लेन बनाने के लिए जमीन अधिग्रहण की तैयारी कर ली है। इस मामले में एनएचएआई ने संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों से अधिग्रहण की कार्रवाई करने वाले अधिकारियों के नाम मांगे हैं। एनएचएआई के परियाेजना निदेशक के अनुसार फोर लेन के लिए कार्य नियमानुसार तेजी से चल रहा है।

एनएचएआई के परियाेजना निदेशक अरविंद कुमार ने बुधवार को बताया कि मुरादाबाद से अलीगढ़ अभी टू लेन रोड है। इस मार्ग पर वाहनों का काफी दबाव रहता है। रोड संकरा होने के कारण हादसे भी होते रहते हैं। जनप्रतिनिधियों के अनुरोध पर केंद्र सरकार के निर्देश पर इस मार्ग को 150 किलोमीटर फोर लेन करने का निर्णय लिया गया है। बदायूं में यह मार्ग मेरठ-प्रयागराज गंगा एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा। एनएचएआई ने मार्ग के सर्वे का काम पूरा कर लिया है। इस मामले में एक निजी कंपनी फोर लेन का डीपीआर तैयार कर रही है। डीपीआर अंतिम चरण में हैं। जल्द ही प्रस्ताव तैयार कर केंद्र को भेजा जाएगा। इस मार्ग को ग्रीनफील्ड के रूप में विकसित किया जाएगा। एनएचएआई ने मुरादाबाद से अलीगढ़ और बिजनौर तक का सर्वे किया है। इस मार्ग पर ट्रैफिक के दबाव का परीक्षण किया गया है। सर्वे में मार्ग पर आने वाले टोल प्लाजा, फ्लाईओवर, पुल, पैदल सेतु और व्यावसायिक गतिविधियों को लेकर एक रिपोर्ट तैयार की गई है।

--------------

   

सम्बंधित खबर