बच्चों की बुनियादी शिक्षा मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता: मंत्री संदीप सिंह
- DSS Admin
- May 29, 2026
लखनऊ, 29 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार निपुण भारत मिशन तथा गुणवत्ता शिक्षा संवर्धन कार्यक्रमों को जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल कर रही है। इसी क्रम में राज्य स्तर पर कार्यरत जिला समन्वयक (निपुण भारत मिशन) एवं जिला समन्वयक (प्रशिक्षण) के लिए 1 एवं 2 जून को राज्य स्तरीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी), लखनऊ में आयोजित होने वाले इस प्रशिक्षण में प्रदेश के सभी 75 जनपदों के जिला समन्वयक प्रतिभाग करेंगे।
प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने शुक्रवार को बताया कि प्रदेश सरकार बुनियादी शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए लगातार कार्य कर रही है। निपुण भारत मिशन के माध्यम से बच्चों में आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान विकसित करने के साथ-साथ विद्यालयों में सीखने के परिणामों को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला समन्वयकों का यह प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षा व्यवस्था में गुणवत्ता आधारित परिवर्तन लाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। इससे विद्यालय स्तर तक अकादमिक अनुश्रवण को मजबूती मिलेगी, शिक्षकों को बेहतर शैक्षणिक सहयोग प्राप्त होगा तथा विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में अपेक्षित सुधार सुनिश्चित किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने ऑपरेशन कायाकल्प, स्मार्ट क्लास, डिजिटल मॉनिटरिंग, ई-कंटेंट और निपुण भारत मिशन जैसे नवाचारों के माध्यम से परिषदीय शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार किए हैं। अब जिला समन्वयकों को प्रशिक्षित कर इन पहलों को और अधिक प्रभावी ढंग से विद्यालयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य निपुण भारत मिशन एवं गुणवत्ता शिक्षा संवर्धन से संबंधित गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन, अनुश्रवण तथा मूल्यांकन प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाना है। प्रशिक्षण के दौरान जिला समन्वयकों को अकादमिक एवं प्रशासनिक अनुश्रवण, डेटा आधारित योजना एवं निर्णय निर्माण, प्रभावी समीक्षा प्रक्रिया, शिक्षक सहयोग तंत्र तथा सीखने के परिणामों में सुधार हेतु आवश्यक प्रक्रियाओं एवं प्रणालियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम को दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। प्रथम बैच का प्रशिक्षण 1 जून को आयोजित होगा, जिसमें आगरा, अलीगढ़, अयोध्या, आजमगढ़, बरेली, बस्ती, देवीपाटन, गोरखपुर तथा चित्रकूट मंडल के जिला समन्वयक शामिल होंगे। द्वितीय बैच का आयोजन 2 जून को किया जाएगा, जिसमें झांसी, कानपुर, लखनऊ, मेरठ, मिर्जापुर, मुरादाबाद, प्रयागराज, सहारनपुर एवं वाराणसी मंडल के प्रतिभागी प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।

