साथियों संग तालाब में नहाने गया 10वीं का छात्र डूबा, मौत से गांव में मातम
- DSS Admin
- Jun 01, 2026
मीरजापुर, 01 जून (हि.स.)। मड़िहान थाना क्षेत्र के पटेवर गांव में सोमवार को एक 10वीं कक्षा के छात्र की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची मड़िहान पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पटेवर गांव निवासी राजेश का 15 वर्षीय पुत्र शेष प्रकाश सोमवार की दोपहर अपने दर्जन भर साथियों के साथ गांव के तालाब में नहाने गया था। सभी बच्चे तालाब के भीटे से पानी में छलांग लगाकर स्नान कर रहे थे। इसी दौरान शेष प्रकाश ने भी तालाब में छलांग लगाई, लेकिन काफी देर तक वह पानी के ऊपर नहीं आया।
पहले तो साथियों को लगा कि वह तैरकर बाहर निकल आएगा, लेकिन जब काफी समय बीत गया तो बच्चों में अफरा-तफरी मच गई। साथियों ने शोर मचाते हुए उसकी तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों की मदद से उसे तालाब से बाहर निकाला गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में शेष प्रकाश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़िहान ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। गांव निवासी श्याम नारायण ने बताया कि पिछले 15-20 दिनों से गांव के बच्चे समूह बनाकर तालाब में नहाने जाते थे। शेष प्रकाश पहली बार अपने साथियों के साथ तालाब में नहाने गया था। तालाब में लगभग 20 फीट गहरा पानी भरा हुआ था, जिससे हादसा हो गया।
मृतक शेष प्रकाश दो भाइयों में बड़ा था और कक्षा 10 का छात्र था। पिता राजेश मजदूरी के सिलसिले में प्रतापगढ़ गए हुए थे। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही वह घर के लिए रवाना हो गए।
थाना प्रभारी बालमुकुंद मिश्र ने बताया कि तालाब में डूबने से किशोर की मृत्यु हुई है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------

