गडकरी ने उत्तर प्रदेश के 11,672 किमी राष्ट्रीय राजमार्गों की गुणवत्ता और रखरखाव की समीक्षा की
- DSS Admin
- May 21, 2026
नई दिल्ली, 21 मई (हि.स.)। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने उत्तर प्रदेश में 11,672 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्गों की गुणवत्ता और रखरखाव के प्रगति की समीक्षा की। बैठक में गडकरी ने समयबद्ध क्रियान्वयन, गुणवत्ता मानकों का सख्ती से पालन और उन्नत तकनीकों को अपनाने पर जोर दिया।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने बताया कि मीडिया और सोशल मीडिया से प्राप्त फीडबैक के आधार पर गुरुवार को यहां आयोजित समीक्षा बैठक में केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा और हर्ष मल्होत्रा सहित एनएचएआई, एनएचआईडीसीएल, सड़क परिवहन मंत्रालय और परियोजना ठेकेदार शामिल हुए।
गडकरी ने बैठक में समयबद्ध क्रियान्वयन, गुणवत्ता मानकों का सख्ती से पालन और उन्नत तकनीकों को अपनाने पर जोर दिया ताकि राजमार्ग ढांचा टिकाऊ और कुशल बने। उन्होंने कहा कि मजबूत सड़क नेटवर्क कनेक्टिविटी बढ़ाने, आर्थिक विकास को गति देने और यात्रियों की सुविधा सुधारने के लिए अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मानसून की तैयारियों को व्यापक रूप से सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए रोकथाम उपायों को लागू करने और प्रभावी प्रतिक्रिया तंत्र स्थापित करने पर बल दिया गया ताकि पूरे नेटवर्क में सड़क सुरक्षा और टिकाऊपन बनाए रखा जा सके।
-------------

