नारनौल : नांगल चौधरी सीट पर सिंचाई मंत्री हारे

नारनाैल, 8 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा चुनाव में नांगल चौधरी विधानसभा सीट इस बार कांग्रेस ने भाजपा से छीन ली है। सिंचाई मंत्री डा. अभय सिंह यहां से चुनाव हार गए हैं। उन्होंने कांग्रेस की प्रत्याशी मंजू चौधरी ने 6 हजार से ज्यादा वोटों से हराया है।

नांगल चौधरी विधानसभा साल 2008 में अस्तित्व में आई थी। इसके बाद साल 2009 में हुए विधानसभा चुनाव में आईएनएलडी के बहादुर सिंह विधायक चुने गए थे, जबकि कांग्रेस के राधेश्याम दूसरे नंबर पर रहे थे। साल 2014 में हुए विधानसभा चुनाव में हरियाणा में भाजपा की सरकार बनी। इस चुनाव में भाजपा से अभय सिंह यादव चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे। इनके खिलाफ मंजू चौधरी ने ही इनेलो की टिकट पर चुनाव लड़ा था, जो दूसरे स्थान पर रहीं। साल 2019 के चुनाव में नांगल चौधरी विधानसभा से भाजपा के उम्मीदवार अभय सिंह यादव ने जननायक जनता पार्टी के मुला राम को 20 हजार 615 वोटों से हराया था। अभय सिंह यादव को 55 हजार 5सौ 29 वोट मिले थे, वहीं मुला राम को 34914 वोट हासिल हुए थे। कांग्रेस प्रत्याशी राजा राम गोलवा अपनी जमानत नहीं बचा सके थे, उन्हें मात्र 4371 ही वोट मिले थे।

मंजू चौधरी का परिवार का कांग्रेस से पुराना जुड़ाव है। हालांकि बीच में इंडियन नेशनल लोकदल और जननायक जनता पार्टी में शामिल हो गए थे, लेकिन मूलाराम के पिता फूसाराम तीन बार विधायक रहे थे। जिनमें से दो बार वे कांग्रेस की टिकट पर विधायक बने। चौधरी फूसाराम नारनौल से वर्ष 1980 में निर्दलीय, 1982 में तथा 1991 में कांग्रेस से चुनाव जीते। वहीं 2000 में मूलाराम ने नारनौल से निर्दलीय चुनाव जीता। इसके बाद मंजू चौधरी के पति मूलाराम लगातार नारनौल और नांगल चौधरी से चुनाव लड़े, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

   

सम्बंधित खबर