महेंद्रगढ़ में सबसे ज्यादा तो नारनौल में सबसे कम हुआ मतदान

नारनाैल, 5 अक्टूबर (हि.स.)। जिले की 4 विधानसभा सीटों पर शनिवार को प्रातः 7 बजे से वोटिंग जारी है। सायं 3 बजे तक महेंद्रगढ़ सीट पर सबसे अधिक 55.80 प्रतिशत मतदान हुआ। जबकि नारनौल सीट पर सबसे कम 50.20 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। अटेली सीट पर 52.70 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। नांगल चौधरी में 51 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। मतदान सायं 6 बजे तक चलेगा। महेंद्रगढ़ जिले में कुल वोटर 731753 हैं। यहां कुल पोलिंग स्टेशन 772 बनाए गए हैं। चारों विधानसभा सीटों पर कुल 40 उम्मीदवार हैं।

जिनमें सबसे ज्यादा महेंद्रगढ़ सीट पर 15, नारनौल में 11, अटेली में 8 और नांगल चौधरी में 6 उम्मीदवार मैदान में हैं। मुख्य चेहरों में केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत की बेटी आरती सिंह राव, पूर्व मंत्री राव नरेंद्र सिंह, पूर्व मंत्री अभय सिंही यादव और राव दान सिंह चुनाव मैदान में हैं।

पूर्व शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने सुबह राठीवास गांव में अपने परिवार के साथ मतदान किया। महेंद्रगढ़ से भाजपा प्रत्याशी कंवर सिंह यादव ने पैतृक गांव खातोद में मतदान किया। वहीं महेंद्रगढ़ से कांग्रेस प्रत्याशी राव दान सिंह ने भी अपने परिवार के साथ वोट डाला। नारनौल से कांग्रेस प्रत्याशी राव नरेंद्र सिंह ने ​​​​​​​अपने पृतक गांव मंढाणा में मतदान किया। अटेली से भाजपा प्रत्याशी आरती सिंह राव ने रेवाड़ी ​​​​​​के रामपुरा गांव में अपने मत का प्रयोग किया।

पूरे जिले में मतदान शान्तिपूर्ण चल रहा है। अटेली के बिहाली में बूथ नं. 196 पर वीवीपेट मशीन खराब हो गई। जिससे 40 मिनट तक वोटिंग बंद रही। नारनौल के किशोरी लाल स्कूल में ईवीएम खराब हो गई। जिससे करीब आधे घण्टे बाद मतदान शुरू हुआ था। पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा को लेकर राजस्थान की सीमा को सील कर दिया गया है। यहां पर नाके लगाए गए हैं। इसके अलावा संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

   

सम्बंधित खबर