नारनौलः हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय को देशभर में मिली 17वीं रैंक
- Vijesh Sharma
- Jun 04, 2026

केंद्रीय विश्वविद्यालयों की श्रेणी में बेहतर प्रदर्शन, शिक्षण और शोध गुणवत्ता को मिली पहचान
नारनाैल, 04 जून । हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि) ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए इंडिया इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क (आईआईआरएफ) 2026 में केंद्रीय विश्वविद्यालयों की श्रेणी में देशभर में 17वां स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता और राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती पहचान को और मजबूत किया है।
गुरूवार को विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो टंकेशवर कुमार ने इस उपलब्धि पर सभी शिक्षकों, कर्मचारियों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों और हितधारकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय परिवार के सामूहिक समर्पण, कठिन परिश्रम और उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ने कम समय में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है और यह रैंकिंग गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, शोध एवं नवाचार को बढ़ावा देने के प्रयासों की पुष्टि करती है। उन्होंने कहा कि आईआईआरएफ रैंकिंग में प्राप्त यह स्थान विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुसंधान संस्कृति और विद्यार्थी-केंद्रित दृष्टिकोण का परिणाम है। यह उपलब्धि भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा का कार्य करेगी। आईक्यूएसी के निदेशक प्रो सुरेन्द्र सिंह ने कहा कि आईआईआरएफ 2026 में 17वीं रैंक विश्वविद्यालय की बढ़ती शैक्षणिक विश्वसनीयता और गुणवत्ता मानकों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय और वैश्विक शैक्षणिक मंचों पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगी। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार यह सफलता गुणवत्तापूर्ण शिक्षाए शोधए नवाचार, उद्योग, अकादमिक सहयोग, विद्यार्थी विकास और प्रभावी प्रशासनिक कार्यप्रणाली का परिणाम है। आईआईआरएफ रैंकिंग में बेहतर स्थान हासिल होने से विश्वविद्यालय की शैक्षणिक विश्वसनीयता और प्रतिष्ठा में भी वृद्धि हुई है।
---------------

