नारनाैल: अटेली में जल निकासी व्यवस्था फेल, आरटीए सचिव ने सफाई एजेंसी को फटकार लगाई

जल निकासी का निरीक्षण करते आरटीए सचिव मनोज कुमार।


नालियों में मिला भारी कीचड़, 24 घंटे में सफाई पूरी कर जलभराव खत्म करने के निर्देश

नारनाैल, 28 जून । अटेली में जलभराव और बदहाल जल निकासी व्यवस्था को लेकर प्रशासन हरकत में आ गया है। जिला परिवहन अधिकारी एवं आरटीए सचिव मनोज कुमार ने रविवार को अटेली शहर का दौरा कर जमीन के नीचे दबी पाइपलाइनों और नालियों की स्थिति का मौके पर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर नालियां कीचड़ और गंदगी से पूरी तरह अवरुद्ध मिलीं, जिससे बरसाती पानी की निकासी प्रभावित होने का मामला सामने आया।

आरटीए सचिव ने सबसे पहले पुराने बस अड्डा मार्ग का निरीक्षण किया। इसके बाद कैबिनेट मंत्री आरती राव के कार्यालय के सामने, बीकानेर मिष्ठान भंडार के सामने तथा नए बस अड्डे की ओर जाने वाली सड़क का जायजा लिया। सभी प्रमुख स्थानों पर नालियों के भीतर भारी मात्रा में कीचड़, मिट्टी और अन्य अवरोध पाए गए। अधिकारियों ने माना कि इसी वजह से बारिश के दौरान पानी सड़कों पर जमा हो रहा है और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

निरीक्षण के दौरान मनोज कुमार ने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों और सफाई व्यवस्था संभाल रही एजेंसी को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अगले 24 घंटे के भीतर सभी अवरुद्ध नालियों की सफाई कर कीचड़ हटाया जाए और पानी की निर्बाध निकासी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और तय समय में काम पूरा नहीं होने पर जिम्मेदार एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

आरटीए सचिव ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य शहरवासियों को जलभराव की समस्या से राहत दिलाना और बरसात के मौसम में सुचारु जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने तथा भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बनने के लिए स्थायी समाधान तैयार करने के भी निर्देश दिए।

---------------

   

सम्बंधित खबर