नारनाैल: व्यापारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता,समस्या पर मिलेगा तत्काल समाधान: एसपी दीपक
- Vijesh Sharma
- Jun 26, 2026

महेंद्रगढ़ में व्यापारियों के साथ बैठक, सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस-व्यापारी समन्वय पर हुई चर्चा
नारनाैल, 26 जून । महेंद्रगढ़ के पुलिस अधीक्षक दीपक ने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी प्रकार की समस्या, आपात स्थिति या सुरक्षा संबंधी चिंता होने पर पुलिस हर संभव सहयोग और त्वरित सहायता उपलब्ध कराएगी। उन्होंने व्यापारियों से बिना किसी संकोच के अपनी समस्याएं पुलिस के साथ साझा करने की अपील भी की।
पुलिस अधीक्षक दीपक शुक्रवार को शहर थाना क्षेत्र के व्यापारियों के साथ आयोजित संवाद बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक का उद्देश्य व्यापारियों की समस्याओं को सुनना, उनकी सुरक्षा संबंधी चिंताओं पर चर्चा करना तथा पुलिस और व्यापारी वर्ग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना था। बैठक के दौरान व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में सुरक्षा, यातायात व्यवस्था तथा अन्य स्थानीय मुद्दों से जुड़े सुझाव और समस्याएं पुलिस प्रशासन के समक्ष रखीं।
एसपी दीपक ने व्यापारियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि व्यापारियों का सहयोग अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यदि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना समय पर पुलिस को मिले तो अपराधों की रोकथाम अधिक प्रभावी ढंग से की जा सकती है। उन्होंने कहा कि पुलिस और व्यापारियों के बीच नियमित संवाद से विश्वास बढ़ेगा तथा कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सकेगा। बाजार क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस लगातार सतर्क है और आवश्यकतानुसार गश्त व निगरानी भी बढ़ाई जाएगी।
---------------

