नारनौल, 21 मई (हि.स.)। नारनौल में गुरुवार को नेशनल हाईवे नंबर-11 पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक सब्जी विक्रेता की मौत हो गई। मृतक की पहचान अटेली के गांव तीगरा निवासी करीब 55 वर्षीय जय सिंह के रूप में हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार मृतक व्यक्ति रोजाना की तरह सुबह सब्जी बेचने के लिए निकला था।
बताया जा रहा है कि वह हाईवे के किनारे से गुजर रहा था, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि हादसे के जिम्मेदार वाहन की पहचान की जा सके।
जांच अधिकारी ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
---------------

