नारनौल: नहर में डूबने से दो दोस्तों की मौत, गांव में पसरा मातम

नारनौल, 18 मई (हि.स.)। जिले के गांव पाथेडा के पास स्थित नहर में दो दोस्तों के शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने धरौनंदा पुल के पास नहर में शव दिखाई देने की सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों की पहचान गांव पाथेडा निवासी 34 वर्षीय हेमराज और उसके दोस्त रविंद्र के रूप में की। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

मृतक हेमराज के भाई वीरेंद्र ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि रविवार शाम हेमराज और रविंद्र खेत पर जाने की बात कहकर घर से निकले थे। देर रात तक दोनों वापस नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद परिवार और ग्रामीणों ने आसपास के क्षेत्रों में उनकी तलाश शुरू की, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार सुबह कुछ ग्रामीणों ने नहर में शव पड़े होने की जानकारी दी।

परिजन तुरंत धरौनंदा पुल के पास पहुंचे, जहां दोनों के शव नहर में मिले।

मौके पर रविंद्र के कपड़े और चप्पल नहर किनारे पड़े मिले, जबकि हेमराज कपड़ों सहित नहर में डूबा हुआ मिला। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और दोनों शवों को नहर से बाहर निकलवाया।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। प्रारंभिक जांच में दोनों की मौत नहर में डूबने से होना सामने आया है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि दोनों युवक मजदूरी का कार्य करते थे और आपस में गहरे दोस्त थे। एक साथ दोनों की मौत से गांव पाथेडा में मातम पसरा हुआ है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

   

सम्बंधित खबर