नारनौलः विकसित भारत के लिए एक राष्ट्र एक चुनाव आवश्यकः सतीश पूनिया
- Admin Admin
- Apr 02, 2025

नारनाैल, 2 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि) महेंद्रगढ़ में बुधवार को एक राष्ट्र एक चुनाव विषय पर केंद्रित पैनल डिस्कशन का आयोजन किया गया। आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में राजस्थान विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया ने शिरकत कीे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में महेंद्रगढ़ विधायक कंवर सिंह यादव मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि सतीश पूनिया ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण हेतु एक राष्ट्र एक चुनाव आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बीते दिनों हरियाणा विधान सभा चुनाव के दौरान प्रचार करते हुए उन्होंने स्थानीय लोगों से जब इस विषय पर संवाद किया तो उनका मत भी एक राष्ट्र एक चुनाव के पक्ष में था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में यह विषय पुनः देश के समक्ष प्रस्तुत है। इस विषय पर निरंतर सकारात्मक चर्चा इसके मूल उद्देश्य को प्राप्त करने में मददगार होगी। उन्होंने अपने व्यक्तिगत अनुभवों का उल्लेख करते हुए देश में चुनाव की प्रक्रिया में बदलाव का पक्ष लिया।
विधायक कंवर सिंह यादव ने कहा कि देश की मजबूती और संसाधनों के उचित इस्तेमाल के लिए आवश्यक है कि बार-बार विभिन्न स्तर पर होने वाली चुनाव की प्रक्रिया को समाप्त किया जाए। उन्होंने कहा कि निरंतर जारी रहने वाली चुनाव की यह प्रक्रिया सुशासन की दृष्टि से विभिन्न स्तर पर बाधाएं उत्पन्न करती है। इसलिए देश के विकास के लिए एक राष्ट्र एक चुनाव आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद हुए शुरुआती चुनाव एक राष्ट्र एक चुनाव की प्रक्रिया के अंतर्गत ही हुए थे। वर्ष 1967 के बाद विभिन्न कारणों से यह प्रक्रिया बदल दी गई। उन्होंने कहा कि इतने बड़ें स्तर पर एक साथ विभिन्न स्तर के चुनावों का आयोजन थोड़ा जटिल होगा लेकिन यह मुमकिन है और यकीनन देश हित में भी है। उन्होंने कहा कि भारत सदैव से ही विविधता में एकता का देश रहा है इसलिए सुशासन के लिए आवश्यक है कि प्रशासन विभिन्न स्तरों पर निरंतर चुनावों से इतर विकास के लिए प्रयासरत हो। इस मौके पर पूर्व आईएएस अधिकारी नरेंद्र कुमार, इग्नू नई दिल्ली के प्रो सतीश कुमार सहित अनेक अधिकारीगण मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला