नारनौल में नगर परिषद कर्मचारियों ने काले झंडे और झाड़ू लेकर किया प्रदर्शन

नारनौल, 13 मई (हि.स.)। नगर परिषद के कर्मचारियों ने मंगलवार को सरकार व प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर अधिकारियों को एक मांग पत्र सौंपा। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारी हाथों में काले झंडे और झाडू लिए हुए थे।

आज प्रदर्शनकारी नगर परिषद में एकत्र हुए। यहां पर धरना देने के बाद प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए महावीर चौक तक पहुंचे। यहां पर उन्होंने सरकार और नगर परिषद प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद कर्मचारियों ने नगर परिषद कार्यालय में अपनी मांगों से संबंधित एक ज्ञापन अधिकारियों को सौंपा। धरने को संबोधित करते हुए नगर पालिका कर्मचारी संघ के इकाई प्रधान सुरेश कुमार जैदिया, एसकेएस के राज्य सचिव महेंद्र बोयत, राज्य कैशियर महेंद्र सिंह संगेलिया आदि ने बताया कि नगर परिषद प्रशासन ने जिला के नगर परिषद कर्मचारियों को गेहूं के मिलने वाले पैसे नहीं दिए जा रहे। वहीं उनका वित्त अलाउंस भी रोका हुआ है। जिसके कारण पूरे जिले के नगर परिषद कर्मचारी परेशान हैं। इसी के चलते नगर पालिका कर्मचारी संघ ने हड़ताल करने का फैसला लिया। उन्होंने कहा कि नगर पालिका प्रशासन एक बार भी सफाई कर्मचारियों से बातचीत करने और उनकी मांगों को सुनने के लिए नहीं आया। जिसके चलते उन्होंने काम छोड़ हड़ताल को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। इस मौके पर नगर पालिका कर्मचारी संघ के जिला प्रधान राहुल सारवान, महावीर प्रसाद, भूपेंद्र दरोगा आदि मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

   

सम्बंधित खबर